हमारी दिनचर्या कैसी होनी चाहिए जिससे हम आजीवन स्वस्थ और खुश रहें?

आज आपको बताते हैं एक बेहतर दिनचर्या कैसी होनी चाहिए ताकि हमारा स्वास्थ्य और जीवन भी बेहतर बने। बेहतर दिनचर्या एक सफल व्यक्ति की मुख्य निशानी होती है।

अगर दिनचर्या सही होगी तो हमारा शरीर सही रहेगा और अगर शरीर स्वस्थ होगा तो उसका असर हमारे जीवन, व्यवहार, सोच और प्रगति पर पड़ेगा जिससे हमारी सफलता का रास्ता साफ़ होगा।

लेकिन इसके विपरीत अगर हमारी दिनचर्या ऐसी होगी जिसमे हम रात को देर तक जागेंगे और सुबह देर तक उठेंगे तो इसके सामानांतर सभी काम में देरी होगी।

शरीर में आलस होगा दिमाग फ्रेश नहीं रहेगा और हमारा किसी काम में पूरी तरह मन नहीं लगेगा और ऐसी दिनचर्या से सफलता के सभी दरवाजे बंद होते दिखाई देंगे।

दिनचर्या कैसी होनी चाहिए?

सुबह जल्दी उठें – बेहतर स्वास्थ्य के लिए व्यक्ति को सुबह ब्रह्मामुहूर्त में यानी प्रात: 4 से 5.30 के बीच उठ जाना चाहिए इससे कई जरुरी काम पूरे करने के लिए समय भी मिलेगा और शरीर को सुबह के स्वच्छ वातावरण का लाभ भी मिलेगा।

इसके अलावा रात में सोने से पहले ताम्बे के बर्तन में पानी भरकर रखें और सुबह उठकर उस पानी को पियें। इससे शरीर में ताजगी बनी रहेगी और शरीर ऊर्जावान रहेगा, सुबह अगर बेहतर होगी तो पूरा दिन अच्छा गुजरेगा।

व्यायाम और योग करें – व्यायाम हमारी दिनचर्या का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है इसलिए नियमित रूप से सुबह उठकर व्यायाम और योग अवश्य करें। इससे ना सिर्फ शरीर तरोताजा और ऊर्जा से भरपूर रहेगा बल्कि दिमाग और मन भी शांत रहेगा। नियमित व्यायाम और योग करने से कई बड़ी बिमारियों से मुक्ति मिलती है।

स्नान – स्नान करने से शरीर की बाहरी गंदगी को दूर होती ही है साथ ही इससे शरीर में ताजगी आती है और रक्त संचार सुचारु रहता है और खून साफ़ होता है साथ ही भूख भी बढ़ती है।

स्नान के लिए हमेशा ताजे पानी का इस्तेमाल करें सर्दियों के मौसम में पानी थोड़ा गर्म कर सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें ज्यादा गर्म पानी इस्तेमाल ना करें वरना इससे त्वचा से सम्बंधित कई रोग हो सकते हैं।

भगवान में ध्यान – सुबह नहाने के बाद कुछ समय पूजा पाठ के लिए जरूर निकालें इससे मन शांत रहेगा और सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी। पूजा करते समय अपना मन एकाग्रचित रखें और भक्ति में पूरा ध्यान लगाएं।

सुबह का नाश्ता – सुबह का नाश्ता जरूर करें और उसमे पौष्टिक तत्वों को शामिल करें, सुबह के नाश्ते में ताजे फल या जूस जरूर लें। इसके अलावा सुबह के नाश्ते में दूध, दलिया, फल, अंकुरित अनाज शामिल करें और ज्यादा फैट, कैलोरी और मसालेदार आहार का सेवन ना करें नहीं तो मोटापे की समस्या हो सकती है।

दोपहर का भोजन – दोपहर का भोजन करीब 1 बजे करें और ज्यादा ना खाएं वरना दिन भर आलस बना रहेगा। दोपहर के भोजन के बाद चाहें तो 20-30 मिनट के लिए थोड़ा आराम कर सकते हैं लेकिन ज्यादा समय तक नहीं।

रात का भोजन – रात का भोजन भरपेट ना करें क्योंकि रात को खाने के बाद हम सो जाते है। ऐसे में शरीरिक श्रम ना होने से पेट आसानी से खाना नहीं पचा पाता और मोटापे जैसी समस्या हो जाती है।

रात को खाना खाने के तुरंत बाद बिस्तर पर ना जाएँ बल्कि पहले थोड़ा टहलें ताकि खाना आसानी से पच सके इससे नींद भी अच्छी आएगी।

रात को समय पर सोएं – बेहतर स्वास्थ्य के लिए भरपूर नींद बेहद आवश्यक है इसके लिए रात को जल्दी सोएं। बच्चों को रात में 8-10 घंटे की नींद लेनी चाहिए, वयस्कों को रात में करीब 7 घंटे सोना चाहिए जबकि वृद्ध व्यक्तियों के लिए करीब 5-6 घंटे की नींद पर्याप्त होती है।

भरपूर पानी पिएं – स्वस्थ शरीर के लिए पर्याप्त पानी बेहद जरूरी होता है, शरीर में पानी की कमी से कई तरह के रोग होने की सम्भावना बढ़ जाती है इसलिए पूरे दिन में भरपूर पानी पियें। दिन में कम से कम 8 गिलास ताजा पानी जरूर पियें।

सकारात्मक सोच रखें – सफल जीवन के लिए एक बेहतर दिनचर्या के साथ साथ सकारात्मक सोच भी बेहद जरुरी है। हमेशा अपनी सोच को सकारात्मक बनायें क्योंकि नकारात्मकता से हम सही फैसले नहीं ले पाते और सफलता से दूर होते जाते हैं।

नशीले पदार्थों का सेवन ना करें – एक बेहतर दिनचर्या और स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार लें और किसी भी तरह के नशीले पदार्थों का सेवन ना करें। इनसे शरीर पर बहुत बुरे प्रभाव पड़ते हैं साथ ही इनका सीधा असर हमारे दिमाग पर पड़ता है जिससे हम सही निर्णय लेने में असक्षम हो जाते है।

नशीले पदार्थ कभी हमे तरक्की की राह पर नहीं ले जा सकते इनके सेवन से हम अपनी जिंदगी खराब करते हैं और सफलता से कोसों दूर हो जाते हैं।

उम्मीद है जागरूक पर दिनचर्या कैसी होनी चाहिए कि ये जानकारी आपको पसंद आयी होगी और आपके लिए फायदेमंद भी साबित होगी।

पसंद आया तो—— कमेंट्स बॉक्स में अपने सुझाव व् कमेंट्स जुरूर करे  और शेयर करें

Idea TV News:- से जुड़े ताजा अपडेट के लिए हमें  पर लाइक और  पर फॉलो करें।

    ssss

    Leave a Comment

    Related posts