नई दिल्ली: अयोध्या नृत्य गोपाल दास राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष

नई दिल्ली. राम जन्मभूमि ट्रस्ट के प्रमुख के पाराशरण के घर पर बुधवार को ट्रस्ट की पहली बैठक हुई। राम जन्मभूमि न्यास महंत नृत्य गोपाल दास ट्रस्ट के अध्यक्ष और विश्व हिंदू परिषद के चंपत राय महासचिव होंगे। गुरू पांडुरंग अठावले के शिष्य स्वामी गोविंद देव गिरि कोषाध्यक्ष बनाए गए। मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन पूर्व कैबिनेट सचिव नृपेंद्र मिश्र होंगे। बैठक में कुल 9 प्रस्ताव पारित किए गए।

उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी पदेन सदस्य बनाए गए हैं। वे लोकगायिका मालिनी अवस्थी के पति हैं। अयोध्या के डीएम अनुज कुमार झा को श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में पदेन सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। बैठक में अयोध्या में ट्रस्ट का स्थाई कार्यालय खोलने के लिए जगह का चुनाव करने का फैसला किया गया। दफ्तर के लिए जरूरी सुविधाओं का इंतजाम करने की जिम्मेदारी विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र और डॉ. अनिल मिश्रा को सौंपी गई। नृपेंद्र मिश्र को राम मंदिर के निर्माण की योजना प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी दी गई।

लोगों की भावनाओं का आदर किया जाएगा- नृत्य गोपाल दास
15 दिन बाद अयोध्या में ट्रस्ट की बैठक होनी है। मंदिर निर्माण समिति इस बैठक में अपनी रिपोर्ट रखेगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर निर्माण की तारीख तय की जाएगी। अयोध्या के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में ट्रस्ट का बैंक अकाउंट खोला जाएगा। जिसका संचालन गोविंद देव गिरी, चंपत राय, डॉ. अनिल कुमार मिश्र में से किन्हीं दो के संयुक्त हस्ताक्षरों से होगा। दिल्ली की फर्म वी. शंकर अय्यर एंड कंपनी को ट्रस्ट के चार्टर्ड एकाउंटेंट के लिए नियुक्त किया गया है, जो ट्रस्ट का लेखा-जोखा देखेगी। नृत्य गोपाल दास ने कहा कि लोगों की भावनाओं का आदर किया जाएगा। जल्द से जल्द मंदिर का निर्माण होगा।

ट्रस्ट की पहली बैठक में यह लोग शामिल
ट्रस्ट की पहली बैठक में केंद्र के प्रतिनिधि के तौर पर अतिरिक्त सचिव गृह विभाग ज्ञानेश कुमार, उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि अवनीश अवस्थी और अयोध्या के डीएम अनुज कुमार झा, स्वामी नृत्य गोपाल दास, स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, स्वामी परमानंद महाराज, स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ महाराज, गोविंद देवगिरि, महंत दिनेंद्र दास, विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, अनिल मिश्र और कामेश्वर चौपाल मौजूद थे।

किसी सदस्य के हटने की स्थिति में क्या होगा?
अगर सरकारी पदेन सदस्य (जैसे कलेक्टर) का तबादला होता है, तो उसकी जगह तैनात किया जाने वाले अफसर को सदस्य बना दिया जाएगा। स्थाई सदस्य के हटने की स्थिति में ट्रस्ट के बाकी सदस्य मिलकर उसकी जगह किसी और को नियुक्त कर सकते हैं।

    Related posts

    Leave a Comment