दक्षिण अफ्रीका: पहला टेस्ट रोहित दोनों पारियों में शतक

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने 384 रन की बढ़त बना ली है। टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक अफ्रीकी ने 1 विकेट पर 11 रन बना लिए थे। भारत ने अपनी दूसरी पारी 4 विकेट पर 323 रन बनाने के बाद घोषित कर दी। पहली पारी में उसने 502 रन बनाए थे। इससे पहले अफ्रीकी टीम पहली पारी में 431 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। वहीं, दूसरी पारी में डीन एल्गर 2 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। एडेन मार्कराम 3 और थिउनिस डी ब्रुईन 5 रन बनाकर नाबाद हैं।

भारत के लिए रोहित शर्मा ने लगातार दूसरी पारी में शतक लगाया। वे 127 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पहली पारी में 176 रन बनाए थे। रोहित ने टेस्ट करियर का पांचवां शतक लगाया। चेतेश्वर पुजारा 81 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वर्नोन फिलैंडर ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। रोहित ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 169 रन की साझेदारी की। पुजारा ने 21वां अर्धशतक लगाया। मयंक अग्रवाल 7 रन ही बना सके। उन्हें केशव महाराज ने डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। विराट कोहली 31 और अजिंक्य रहाणे 27 रन बनाकर नाबाद रहे। रविंद्र जडेजा ने 40 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने दो विकेट लिए।

रोहित के रिकॉर्ड

रोहित बतौर ओपनर पहले ही टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। उन्होंने इससे पहले 27 टेस्ट में छठे या सातवें स्थान पर बल्लेबाजी की थी।
रोहित दोनों पारियों में शतक लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज हैं। पहली बार पूर्व क्रिकेटर विजय हजारे ने ये उपलब्धि हासिल की थी। सुनील गावस्कर ने सबसे ज्यादा तीन बार टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाया। राहुल द्रविड़ ने दो बार ऐसा किया था। हजारे, कोहली और रहाणे ने एक-एक बार इस उपलब्धि को अपने नाम किया।
रोहित एक टेस्ट में सबसे ज्यादा 13 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने पाकिस्तान के वसीम अकरम का रिकॉर्ड तोड़। अकरम ने 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 12 छक्के लगाए थे। भारतीयों में रोहित के बाद दूसरे नंबर पर नवजोत सिंह सिद्धू हैं। सिद्धू ने 1994 में लखनऊ में श्रीलंका के खिलाफ 8 छक्के लगाए थे।

रोहित एक वनडे और टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय

रोहित एक वनडे और टी-20 में भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय हैं। उन्होंने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु वनडे में 16 छक्के लगाए थे। इसके बाद 2017 में इंदौर में खेले गए टी-20 में श्रीलंका के खिलाफ 10 छक्के लगाए थे।

मुथुसामी-रबाडा ने 10वें विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की

अफ्रीकी टीम के लिए चौथे दिन 8 विकेट पर 385 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। सेनुरान मुथुसामी और कगिसो रबाडा ने 10वें विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। मुथुसामी 33 रन बनाकर नाबाद रहे। केशव महाराज 9 और रबाडा 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अश्विन ने दोनों को आउट किया। उन्होंने पारी में 7 विकेट लिए। ये दूसरा मौका है जब अश्विन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक पारी में 7 विकेट अपने नाम किए। इससे पहले 2015-16 में नागपुर में उन्होंने ऐसा किया था।

    ssss

    Leave a Comment

    Related posts