देश में कोरोना: एक दिन में सबसे ज्यादा 272 संक्रमित-29 राज्यों में 1 हजार 619 केस

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमण ने 29 राज्यों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। देश में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 272 नए मामले सामने आए हैं। पहली बार एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित मिले। सबसे ज्यादा 64 संक्रमित महाराष्ट्र में मिले। इसके बाद तमिलनाडु में 57, दिल्ली में 23, मध्य प्रदेश में 19 और तेलंगाना में 15 मामले बढ़े। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1 हजार 619 हो गई है। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के अनुसार हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार रात 8.30 बजे कहा- पिछले 24 घंटे में 146 नए मामले सामने आए। देश में अब कोरोना के कुल केस 1397 हो गए हैं। इनमें से 1238 एक्टिव केस हैं और 124 ठीक हो चुके हैं। 35 लोगों की मौत हुई है। इस बीच सेना ने कोलकाता में संक्रमित डॉक्टर के संपर्क में आने वाले 30 अधिकारियों और जवानों को एहतियातन क्वारैंटाइन कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि ये सभी लोग सेना के कर्नल रैंक के डॉक्टर के संपर्क में आए थे।

तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री ई राजेंद्र ने कहा- राज्य में कोरोनावायरस के 15 नए मामले सामने आए हैं। ये सभी लोग निजामुद्दीन मरकज से वापस लौटे थे। झारखंड और असम में मंगलवार को कोरोनावायरस के पहले मरीज मिले। झारखंड राज्य के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने कहा- रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में मलेशिया की एक नागरिक कोरोना पॉजिटिव मिली है। उसे पहले खेल गांव में बनाए गए आइसोलेशन सेंटर भेजा गया, फिर रिम्स के आइसोलेशन सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, असम के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने 52 साल के मरीज में संक्रमण की पुष्टि की है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर है।

अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी

कोरोना को लेकर देश में फैलाई जा रही अफवाहों पर गृह मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने मंगलवार को कहा- इस तरह की अफवाहों से लोगों में भ्रम फैल रहा है। अफवाह फैलाने वालों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देश के 29 राज्यों में पहुंचा कोरोना संक्रमण

राज्यकितने संक्रमितकितनी मौतेंकितने ठीक हुए
महाराष्ट्र3021039
केरल241224
तमिलनाडु12416
उत्तरप्रदेश104017
कर्नाटक10138
दिल्ली12026
राजस्थान9323
गुजरात7465
तेलंगाना92814
मध्यप्रदेश6640
जम्मू-कश्मीर5521
पंजाब4141
हरियाणा43017
आंध्रप्रदेश4401
प.बंगाल2730
बिहार2110
चंडीगढ़1510
लद्दाख1303
अंडमान-निकोबार1000
छत्तीसगढ़900
उत्तराखंड702
गोवा500
हिमाचल प्रदेश311
ओडिशा400
मणिपुर100
मिजोरम100
पुडुचेरी100
झारखंड100
असम100

*यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। हालांकि, केंद्र सरकार ने कहा- पिछले 24 घंटे में 146 नए मामले सामने आए। देश में अब कोरोना के कुल केस 1397 हो गए हैं। इनमें से 1238 एक्टिव केस हैं और 124 ठीक हो चुके हैं। 35 लोगों की मौत हुई है।

देश के 19 राज्यों का हाल

  • महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 302: मंगलवार को 64 नए मामले सामने आए। राज्य में सोमवार को 35 संक्रमित मिले थे। राज्य में सबसे ज्यादा मरीज मुंबई में हैं। इनके अलावा पुणे में 45, सांगली में 25 और नागपुर में 12 पॉजिटिव हैं। राज्य में अब तक 39 मरीज ठीक हो चुके हैं।
  • मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 66: मंगलवार को यहां 19 केस सामने आए। इनमें से इंदौर में ही 17 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इंदौर में संक्रमितों की संख्या 44 हो गई है। इस महामारी को देखते हुए जेलों में भीड़ कम की जा रही है। राज्य सरकार करीब 8 हजार कैदियों को पैरोल और अंतरिम जमानत पर रिहा करेगी। प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 5 हजार सजायाफ्ता कैदियों को 60 दिन के लिए पैरोल दी जा रही है। जबकि, 5 साल तक की सजा के प्रावधान वाले विचाराधीन करीब 3 हजार कैदियों को 45 दिन की अंतरिम जमानत दी जा रही है।

  • केरल; कुल संक्रमित- 241: मंगलवार को 7 नए मामले सामने आए। सोमवार को 32 केस मिले थे। राज्य के सभी 14 जिले संक्रमण से प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा 107 मरीज कासरगोड़ में हैं। राज्य से एक अच्छी खबर भी है। यहां एक बेहद बुजुर्ग पति-पत्नी संक्रमण से ठीक हुए हैं। पति 98 साल के और पत्नी 88 साल की हैं। वे डायबिटिक और हायपरटेंशन के मरीज भी हैं। वे पिछले हफ्ते इटली से लौटे अपने बच्चों और पोते-पोतियों के संपर्क में आने से संक्रमित हो गए थे। एक बार उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखना पड़ा।
  • राजस्थान; कुल संक्रमित- 93: राज्य में मंगलवार को 14 नए मामले सामने आए। जयपुर, झुंझुनूं, डूंगरपुर, अजमेर में 1-1 व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके अलावा ईरान से एयरलिफ्ट करके लाए गए लोगों में से 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
  • उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 104: मंगलवार को यहां बरेली में 5 नए मामले सामने आए, उसके बाद शाम तक 3 और केस भी पॉजिटिव निकले। राज्य में सोमवार को 24 कोरोना संक्रमित मिले थे। सबसे ज्यादा 30 कोरोना पॉजिटिव गौतम बुद्ध नगर में हैं। उत्तरप्रदेश पुलिस का कहना है कि राज्य में उन 157 लोगों को भी तलाश लिया गया है, जो निजामुद्दीन स्थित मरकज के तब्लीगी इज्तिमा में शामिल हुए थे।

  • बिहार; कुल संक्रमित- 21: राज्य में मंगलवार को कोरोनावायरस के 6 नए मरीज मिले। दूसरी तरफ, सोमवार को सीतामढ़ी के मढ़ौल गांव में एक व्यक्ति को 2 लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। व्यक्ति और उसका परिवार कल ही महाराष्ट्र से लौटे थे। मृतक ने कोरोना सहायता केंद्र को उनकी वापसी की सूचना दी थी, जिससे आरोपी नाराज थे। मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
  • झारखंड; कुल संक्रमित-01: राज्य में मंगलवार को कोरोनावायरस संक्रमण का पहला मामला सामने आया। राज्य के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने कहा- मलेशिया की एक नागरिक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। उसे रांची के हिंदपीडी इलाके से खेल गांव में बनाए गए आइसोलेश सेंटर में भेज दिया गया है।
  • दिल्ली; कुल संक्रमित- 120: यहां मंगलवार को 23 नए केस सामने आए। सोमवार को भी 25 मामले मिले थे। यहां निजामुद्दीन इलाके में तब्लीगी जमात के मरकज में 1 से 15 मार्च तक 5 हजार से ज्यादा लोग आए थे। इनमें इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड और देश के 15 राज्यों के लोग शामिल हुए थे। 22 मार्च को लॉकडाउन की घोषणा के बाद भी यहां 2 हजार लोग ठहरे हुए थे। यहां से लौटे सैकड़ों लोग संक्रमित मिले हैं। सरकार ने 1339 लोगों को क्वारैंटाइन कराया है।
  • छत्तीसगढ़; कुल संक्रमित- 9: मंगलवार को एक मामला सामने आया। यूके की यात्रा से लौटे व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई। यहां सोमवार को भी कोरबा में एक मरीज कोरोना पॉजिटिव मिला था। वह हाल ही में लंदन से लौटा था। जिले में यह पहला संक्रमित है। राज्य में रायपुर में 4, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा और राजनांदगाव में एक-एक संक्रमित हैं। अब तक मिले 8 पॉजिटिव मरीजों में लंदन से लौटने 4 चार हैं। इस बीच, धमतरी के तातापानी में होम क्वारैंटाइन किए गए 35 साल के एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। वह हाल ही में तमिलनाडु से लौटा था। उसमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे। एक साल पहले ही उसकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई थी। आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

  • तेलंगाना; कुल संकंमित- 92: यहां मंगलवार को 15 नए मामले सामे आए। स्वास्थ्य मंत्री ई राजेंद्र ने कहा- राज्य में कोरोनावायरस के सभी 15 नए संक्रमित निजामुद्दीन मरकज से वापस लौटे थे। सबसे ज्यादा 36 संक्रमित हैदराबाद में हैं। राज्य के मंत्री केटी रामाराव का कहना है कि प्रदेश की सीमा पर दूसरे राज्यों से आए 9 लाख मजदूर हैं। हम हैदराबाद में 170 कैम्प बनाने में सक्षम हैं। उन्हें वहीं जरूरी सामान मुहैया कराने को कहा गया है।
  • आंध्रप्रदेश; कुल संक्रमित 44: मंगलवार को 21 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 44 हो गई। उधर, प्रदेश सरकार ने होम क्वारैंटाइन और कोरोना पॉजिटिव मरीजों पर नजर रखने के लिए कोविड अलर्ट ट्रैकिंग सिस्टम बनाया है। इससे करीब 25 हजार लोगों पर नजर रखी जा रही है। सरकार ने इन लोगों के मोबाइल नंबर टेलिकॉम कंपनियों से साझा किए हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति अपने घर के 100 मीटर दूर जाता है, यह सिस्टम जिला प्रशासन को अलर्ट करता है। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को फोन पर ही समझाइश दी जाती है। वह नहीं माना, तो कार्रवाई की जाती है।
  • पंजाब; कुल संक्रमित- 41: राज्य में सोमवार को तीन नए पॉजिटिव मरीज मिले। पटियाला जिले के रामनगर सैनियां गांव में 21 साल का एक युवक संक्रमित पाया गया। वह हाल ही में नेपाल से लौटा था। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे गांव को सील कर दिया गया है। उसके परिवार वालों को घर पर ही रहने की हिदायत दी गई गई है।
  • असम; कुल संक्रमित-01: राज्य में मंगलवार को कोरोना का पहला मरीज सामने आया। स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व शर्मा ने कहा- 52 साल के इस मरीज का इलाज सिलचर मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है।
  • प.बंगाल; कुल संक्रमित- 27: यहां मंगलवार को 5 नए मामले सामने आए। पश्चिम बंगाल सरकार ने कोरोनावायरस की रोकथाम में जुटे कर्मचारियों का बीमा कवर 5 से बढ़ाकर 10 लाख कर दिया है। इसके दायरे में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ,पुलिसकर्मियों के अलावा अन्य वह सभी लोग आएंगे, जो आपात ड्यूटी कर रहे हैं।

  • गुजरात; कुल संक्रमित- 74: मंगलवार को यहां संक्रमण के 4 नए मामले सामने आए। अहमदाबाद में 55 साल का एक व्यक्ति और गांधीनगर में एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्य में एक और संक्रमित बताया गया है, लेकिन वह कहां का है यह जानकारी नहीं दी गई। सोमवार को 7 नए मामले सामने आए थे।
  • जम्मू-कश्मीर; कुल संक्रमित- 55: यहां मंगलवार को संक्रमण के 6 नए मामले सामने आए। इस केंद्रशासित प्रदेश के प्रमुख सचिव रोहित कंसल ने बताया कि ये सभी पहले संक्रमित हुए लोगों के संपर्क में आए थे। अब इनके संपर्क में आए दूसरे लोगों का पता लगाया जा रहा है। सोमवार को कोरोना संक्रमण के 11 नए मामले सामने आए थे। राज्य में सबसे ज्यादा 17 संक्रमित श्रीनगर में हैं।
  • तमिलनाडु; कुल संक्रमित- 124 : यहां मंगलवार को 57 नए मामले सामने आए। तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने कहा- निजामुद्दीन मकरज में शामिल होकर लौटे 50 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन्हें मिलाकर राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 124 हो गई है। तमिलनाडु से करीब 1500 लोग मरकज में शामिल होने गए थे। इनमें से 1130 वापस लौट आए, जबकि बाकी दिल्ली में ही रुके रहे। वापस लौटने वाले 1130 लोगों में से अब तक अलग-अलग जिलों के 515 लोगों की जानकारी जुटाई जा चुकी है। सोमवार को 17 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। राज्य में सबसे ज्यादा 24 संक्रमित चेन्नई में हैं।
  • अंडमान-निकोबार; कुल संक्रमित- 10: अंडमान-निकोबार के स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अभिजीत रॉय ने बताया कि इस केंद्र शासित प्रदेश में पॉजिटिव पाए गए 10 लोगों में से 9 निजामुद्दीन में मरकज की तब्लीगी जमात में शामिल हुए थे। इनमें से एक व्यक्ति की पत्नी भी संक्रमित पाई गई थी।
  • कर्नाटक; कुल संक्रमित- 101: मंगलवार को यहां कोरोना संक्रमण के 10 नए केस आए। राज्य के गृह मंत्री ने बताया है कि दिल्ली की तब्लीगी जमात में प्रदेश के 24 लोग शामिल हुए थे। उन्हें बेंगलुरु में ट्रेस किया गया है। इन्हें और इनके संपर्क में आए 54 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। एक व्यक्ति बीदर में भी संक्रमित मिला है। उसे भी क्वारैंटाइन किया है

रेलवे ने 20 हजार कोच आइसोलेशन वार्ड में बदले

कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप से निपटने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। रेलवे ट्रेन के 20 हजार डिब्बों को आइसोलेशन कोच में बदल रहा है। मंत्रालय का कहना है कि इससे 3 लाख 20 हजार बेड उपलब्ध होंगे। पांच रेलवे जोन पहले ही इसका प्रोटोटाइप बना चुके हैं।

सरकार ने कहा- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से नर्सों को ट्रेनिंग दी जा रही, अब तक 42 हजार 788 टेस्ट किए

  • स्वास्थ्य मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और आईसीएमआर ने मंगलवार को भी साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि आपदा से निपटने के लिए टास्क फोर्स बनाई गई है, जो ड्रग ट्रायल आदि को देख रही है। हम मिनिस्ट्री ऑफ टेक्सटाइल के साथ मिलकर चिकत्सा उपकरण, पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) की आपूर्ति सुनिश्चित करा रहे हैं।
  • अग्रवाल ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने दक्षिण कोरिया, तुर्की और वियतनाम को कोरोना के इलाज में इस्तेमाल होने वाले सामान की सप्लाई करने वाले देशों के तौर पर चिह्नित किया है। एन95 मास्क की सप्लाई बढ़ाने के लिए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) भी स्थानीय निर्माताओं के साथ काम कर रहा है।
  • उन्होंने कहा कि आशा, एएनएम और नर्सों के लिए अपनी वेबसाइट पर आईसीयू मैनेजमेंट, क्वारैंटाइन मैनेजमेंट के लिए ट्रेनिंग वीडियो डाले हैं। 30 मार्च को 15 हजार नर्स को इसकी ट्रेनिंग भी दी गई। इन वीडियो को एक लाख से ज्यादा लोगों ने डाउनलोड किया है।
  • प्रधानमंत्री ने सोशल वेलफेयर आर्गनाइजेशन के प्रमुखों से बात की है। जागरूकता फैलाने, गरीबों को बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने कोविड-19 पर भारत के सभी दूतावासों और उच्चायोगों के साथ भी चर्चा की है।
  • भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के प्रमुख जी गंगाखेडकर ने कहा कि अभी तक हम 42 हजार 788 सैम्पल्स की जांच कर चुके हैं। यहां हमारी क्षमताओं को 36% है। 123 लैब काम कर रही हैं। 49 प्राइवेट लैट को भी जांच की अनुमति दी गई है। प्राइवेट लैबों में सोमवार को 399 मरीजों की जांच की गई।
  • इसके अलावा ग्रुप ऑफ मिनिस्टर की बैठक भी हुई थी। इसमें देश के हालात का जायजा लिया गया। इसमें कहा गया कि राज्यों के साथ मिलकर कोविड हास्पिटल और बड़े बनाए जाएं। दूसरे राज्यों से आने वालों का मेडिकल चेकअप हो।
  • गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लॉकडाउन संतोषजनक है। देश में इस समय लगभग 21 हजार 64 रिलीफ कैंप हैं। इनमें 6 लाख 66 हजार 291 लोगों को सुविधा दी गई है। इसके अलावा लोगों को भोजन भी दिया गया है।

सोमवार को 208 मरीज बढ़े थे, सबसे ज्यादा 16 मौत हुईं, सबसे ज्यादा 35 लोग ठीक भी हुए

देश में सोमवार को एक दिन में कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा 208 मामले सामने आए थे। सबसे ज्यादा ठीक भी और सबसे ज्यादा मौत भी हुईं। देशभर में कल 35 लोगों की अस्पताल से छुट्‌टी हुई। इससे पहले 27 मार्च को 25 लोग ठीक हुए थे। अब तक कुल 137 मरीजों की इलाज के बाद रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। कल 16 लोगों की मौत हुई। इससे पहले 26 मार्च और 28 मार्च को 5-5 कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ा था।

अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक की मांग- चीन के खिलाफ जैविक युद्ध छेड़ने का केस दर्ज हो

अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को चिट्‌ठी लिखी है। इसमें एरिंग ने कहा है कि भारत सरकार को इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस जैसे किसी अंतरराष्ट्रीय फोरम में चीन के खिलाफ जैविक युद्ध छेड़ने का केस दर्ज करना चाहिए। साथ ही इसके एवज में 22 अरब डॉलर (करीब 1 लाख 65 हजार करोड़ रुपए) का मुआवजा मांगना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को अंतरराष्ट्रीय समुदाय को साथ लेकर इस मामले की जांच करानी चाहिए।

लार्सन एंड टूब्रो 150 करोड़ और जिंदल स्टील ने 25 करोड़ दान दिए
कोरोनावायरस आपदा से निपटने के लिए सरकार को आर्थिक मदद देने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को लार्सन एंड टूब्रो ने 150 करोड़ रुपए, जबकि जिंदल स्टील ने 25 करोड़ रुपए प्रधानमंत्री राहत कोष में दान देने का ऐलान किया। नेशनल एग्रिकल्चर को-ऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (नाफेड) ने 5 करोड़ रुपए दान दिए हैं। पार्श्व गायिका लता मंगेशकर ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 लाख रुपए दान दिए हैं। इस बीच, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा है कि कोरोनावायरस आपदा में आर्थिक योगदान देने के उद्देश्य से राज्य के ए और बी ग्रेड अफसरों के वेतन में से 50% और सी ग्रेड के कर्मचारियों का 25% वेतन काटा जाएगा।

पसंद आया तो—— कमेंट्स बॉक्स में अपने सुझाव व् कमेंट्स जुरूर करे  और शेयर करें

Idea TV News:- से जुड़े ताजा अपडेट के लिए हमें  पर लाइक और  पर फॉलो करें।

 

    ssss

    Leave a Comment

    Related posts